
निवेश, टेक्नोलॉजी और स्किल पर फोकस
निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी
लखनऊ में भारतीय उद्योग परिसंघ Confederation of Indian Industry (CII), उत्तर प्रदेश द्वारा कनाडा के भारत में उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर के साथ एक महत्वपूर्ण इंटरैक्शन सत्र आयोजित किया गया। इस उच्चस्तरीय संवाद में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया और भारत-कनाडा के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने पर गहन चर्चा हुई।
इस सत्र का नेतृत्व अभिषेक सर्राफ, अध्यक्ष CII उत्तर प्रदेश एवं प्रबंध निदेशक अवध रेल इंफ्रा लिमिटेड तथा प्रणय एस गर्ग, उपाध्यक्ष CII उत्तर प्रदेश एवं प्रबंध निदेशक एडवांस वाल्व्स प्राइवेट लिमिटेड ने किया।
संवाद के दौरान स्वच्छ ऊर्जा, एग्री-टेक, शिक्षा, अवसंरचना और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, प्रौद्योगिकी साझेदारी को सशक्त करने तथा कौशल विकास और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
CII के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश के तेजी से बदलते औद्योगिक परिदृश्य को रेखांकित करते हुए राज्य में कनाडाई निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। साथ ही, कनाडा में उत्तर प्रदेश के उद्योगों के लिए उपलब्ध अवसरों की भी पड़ताल की गई।
बैठक में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, नीतिगत सहयोग और उद्योग संगठनों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई, जिससे दोनों देशों के बीच औद्योगिक साझेदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
यह संवाद सत्र भारत और कनाडा के बीच आर्थिक सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने तथा साझा विकास के नए रास्ते खोलने के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



