पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर, माहिरा खान समेत कई सितारों के Instagram अकाउंट भारत में बैन

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में अब पाकिस्तान के कई चर्चित कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर भी बैन लगा दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, लोकप्रिय अभिनेत्रियों हानिया आमिर, माहिरा खान, आयजा खान, और इकरा अजीज के इंस्टाग्राम प्रोफाइल भारत में अब दिखाई नहीं दे रहे हैं। यह फैसला भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर लिया गया है।

विशेष बात यह रही कि हानिया आमिर ने हमले के बाद भारत के प्रति सहानुभूति भी व्यक्त की थी। उन्होंने न केवल इस आतंकी घटना पर शोक जताया था, बल्कि भारतीय सिंगर बादशाह का गाना अपनी इंस्टा स्टोरी में शेयर कर भारत के प्रति समर्थन भी दिखाया था। बावजूद इसके, भारत सरकार ने सख्ती बरतते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सीमापार आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक किसी भी तरह का सोशल या सांस्कृतिक जुड़ाव संभव नहीं है।

गौरतलब है कि इन पाकिस्तानी सितारों की भारत में बड़ी फैन फॉलोइंग रही है। माहिरा खान को बॉलीवुड फिल्म ‘रईस’ में शाहरुख खान के साथ देखा गया था, वहीं हानिया आमिर, आयजा खान और इकरा अजीज की टीवी सीरीज़ और वीडियो कंटेंट भारत में भी खूब पसंद किए जाते हैं।
हालांकि, भारतीय दर्शकों का ये जुड़ाव अब सरकारी स्तर पर रोक दिया गया है। इससे पहले भी भारत सरकार ने कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स पर बैन लगाया था और अब सोशल मीडिया की बारी है। यह निर्णय भारत की सुरक्षा नीतियों और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि भारत आतंकवाद को किसी भी स्तर पर सहन नहीं करेगा, चाहे वह सांस्कृतिक संबंध हों या सोशल मीडिया की लोकप्रियता। सरकार की इस सख्ती को जनता का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है।



