उत्तर प्रदेश

जयवीर सिंह ने सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए

निश्चय टाइम्स, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कल 02 अक्टूबर को अपना जन्म दिवस पूरी सादगी से मनाया। उन्होंने अपने प्रसंशकों एवं शुभचिन्तकों का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि उनका जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित है। इसके पश्चात प्रातः श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय (सिविल अस्पताल) पहुंचकर इमरजेन्सी वार्ड में भर्ती मरीजों को फल वितरित किया और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
पर्यटन मंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरूषों का देश के नवनिर्माण में अमूल्य योगदान है। गांधी जी का ’’सत्य अहिंसा’’ का अमर संदेश एवं लाल बहादुर शास्त्री जी ने देश के विकट परिस्थितियों में ’’जय जवान जय किसान’’ का नारा देकर देश को खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाने का मंत्र दिया।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा की भावना से कई संगठनों ने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर गरीब दीन-दुखियों के सेवा में सहभागी होना उनका परम उद्देश्य है। उन्होंने अस्पताल के मरीजों के बीच समय बिताया और कहा कि इस अवसर पर पीड़ितों की मदद करना पुण्य का काम है। उन्होंने संकल्प लिया कि समाज के कमजोर वर्गों, किसानों, युवाओं एवं दीनदुखियों की सेवा के लिए वे सदैव तत्पर रहेगे। इस अवसर पर सिविल अस्पताल के उच्चाधिकारी, चिकित्साधिकारी के अलावा भारी संख्या में समर्थकों ने उनको बधाई और शुभकामनाएं दी।

Related Articles

Back to top button