राष्ट्रीय

J&K Assembly: अनुच्छेद 370 पर जोरदार बवाल, पक्ष-विपक्ष में धक्कामुक्की

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में अनुच्छेद 370 की बहाली पर जोरदार हंगामा हुआ। इस मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष के विधायकों में तीखी झड़प हुई, जिसके बाद विधानसभा में तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालात ऐसे हो गए कि मार्शलों को हस्तक्षेप करना पड़ा और कुछ विधायकों को बाहर निकालना पड़ा।
विधानसभा में बहस के दौरान पीडीपी ने अनुच्छेद 370 और 35ए की बहाली का प्रस्ताव पेश किया, जिसे लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच गहरा विवाद हुआ। बारामूला के सांसद इंजीनियर राशिद के भाई और लेंगेट से विधायक खुर्शीद अहमद शेख द्वारा बैनर दिखाए जाने पर भाजपा विधायकों ने विरोध जताया। उन्होंने बैनर छीनकर फाड़ दिया, जिससे सदन में हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई।

कार्यवाही स्थगित

विधानसभा में बढ़ते हंगामे के बीच स्पीकर ने कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया। भाजपा और विपक्षी नेताओं ने सदन के अंदर और बाहर अपने-अपने विरोध जताए। भाजपा विधायकों ने विशेष दर्जा बहाल करने के प्रस्ताव का जमकर विरोध किया और सदन की मेज पर रखे दस्तावेजों को फाड़ दिया।
इससे पहले, बुधवार को विधानसभा ने राज्य के विशेष दर्जे की बहाली के प्रस्ताव को पारित किया था। विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने हंगामे के बीच बिना बहस के इस प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर दिया। प्रस्ताव में केंद्र से तत्कालीन राज्य के विशेष दर्जे की बहाली के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की अपील की गई थी।

Related Articles

Back to top button