दिल्ली

भाजपा में शामिल हुए कैलाश गहलोत: “किसी के दबाव में फैसला नहीं लिया

दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री और नजफगढ़ से विधायक रहे कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी (AAP) से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

कैलाश गहलोत का बड़ा बयान: “AAP अपने मूल्यों से भटक चुकी है”

कैलाश गहलोत ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा, “यह निर्णय एक दिन का नहीं था। मैंने राजनीति में लोगों की सेवा करने के लिए कदम रखा था, लेकिन आम आदमी पार्टी के मूल्यों के पतन को देखकर मैं दंग रह गया। अब आम आदमी पार्टी ‘कुछ खास आदमी’ की पार्टी बन चुकी है।”

उन्होंने AAP पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अब जनता के हितों के बजाय अपने राजनीतिक एजेंडे में उलझ गई है। उन्होंने कहा, “पार्टी केंद्र सरकार से लगातार टकराव में समय बर्बाद कर रही है, जिससे दिल्ली का विकास बाधित हो रहा है।”

भाजपा में आने का कारण: पीएम मोदी की नीतियों से प्रभावित

गहलोत ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रेरित हैं। भाजपा में शामिल होकर वे दिल्ली के विकास में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी छोड़ना आसान नहीं था, लेकिन वर्तमान हालात में यह आवश्यक हो गया था।”

आप से इस्तीफा देने से पहले लिखे पत्र में लगाए गंभीर आरोप

गहलोत ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में पार्टी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई जैसे कई वादे अधूरे रह गए हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास से जुड़े विवादों का भी जिक्र करते हुए कहा कि इन विवादों ने पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब जनता की सेवा के बजाय राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं में उलझ गई है। “पार्टी ने दिल्ली के लोगों को बुनियादी सेवाएं देने की अपनी क्षमता खो दी है।”

AAP का पलटवार: “BJP का षड्यंत्र, दबाव में गए गहलोत”

आप के नेताओं ने कैलाश गहलोत के भाजपा में शामिल होने को दबाव का परिणाम बताया। पार्टी के अनुसार, गहलोत पर ईडी और इनकम टैक्स के कई मामले चल रहे थे। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने दबाव डालकर उन्हें पार्टी में शामिल कराया है।

AAP के मंत्री पद से इस्तीफा मंजूर, विभाग मुख्यमंत्री के पास

गहलोत के इस्तीफे के बाद उनके सभी विभाग मुख्यमंत्री आतिशी को सौंप दिए गए हैं। दिल्ली सरकार के सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को प्रस्ताव भेजकर विभागों के पुनर्गठन की जानकारी दी है।

AAP में शामिल हो सकते हैं भाजपा के नेता

इस घटनाक्रम के बीच आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि भाजपा के कई बड़े नेता जल्द ही आप में शामिल होंगे। सोमवार को अरविंद केजरीवाल इस पर प्रेस वार्ता करेंगे।

कैलाश गहलोत का भाजपा में जाना दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब देखना होगा कि यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव में कितना असर डालता है।

Related Articles

Back to top button