केडीए का बुलडोज़र एक्शन: 8 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

बिना स्वीकृति निर्माण पर सख्त प्रवर्तन, खरीदारों को चेतावनी
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी
Kanpur Development Authority (केडीए) ने अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 08 बीघा क्षेत्र में विकसित अवैध साइटों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष श्री मदन सिंह गर्ब्याल एवं सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन (जोन-1बी) द्वारा की गई।
विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में 23 फरवरी 2026 को ग्राम-चिरान, मंधना और सिंहपुर (कानपुर नगर) में तीन अलग-अलग अवैध प्लाटिंग साइटों पर बुलडोज़र चलाया गया। संबंधित निर्माणकर्ताओं द्वारा बिना प्राधिकरण से ले-आउट/तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाटिंग विकसित की जा रही थी।
लगभग 03-03 बीघा (चिरान व मंधना) और 02 बीघा (सिंहपुर) क्षेत्र में की जा रही अवैध गतिविधियों के तहत बनाए गए एंट्री गेट, सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर तथा निर्मित/अर्धनिर्मित भवनों को 03 जेसीबी मशीनों की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर अनिल शर्मा सहित अन्य कर्मचारी तथा थाना बिठूर का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
केडीए ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राम सिंहपुर एवं गंगपुर चकबदा में लगभग 08 बीघा अतिरिक्त अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण आदेश जारी हो चुका है और कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम जनता से अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में भूमि खरीदने से पूर्व केडीए से ले-आउट स्वीकृति की पुष्टि अवश्य करें और भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराएं, ताकि भविष्य में आर्थिक व मानसिक क्षति से बचा जा सके



