हाईकोर्ट पहुंचे कुणाल कामरा, FIR रद्द करने की लगाई गुहार

मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की है. उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने की गुहार लगाई है. यह एफआईआर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के खिलाफ उनके हालिया वीडियो को लेकर दर्ज हुई थी. कुणाल ने इस वीडियो में एकनाथ शिंदे पर तंज कसा था.कुणाल कामरा ने वीडियो में बॉलीवुड फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के गाने की पैरोडी बनाई थी. इस गाने में उन्होंने ‘गद्दार’ शब्द का इस्तेमाल किया. उनका इशारा एकनाथ शिंदे की ओर था. शिंदे ने 2022 में शिवसेना में बगावत कर उद्धव ठाकरे की सरकार गिरा दी थी. कुणाल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद एकनाथ शिंदे के समर्थकों में गुस्सा भड़क गया. शिंदे की पार्टी शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने मुंबई के हैबीटेट स्टूडियो पर हमला कर दिया. यह वही जगह थी जहां कुणाल ने अपना शो रिकॉर्ड किया था. कार्यकर्ताओं ने वहां तोड़फोड़ की. इसके बाद पुलिस ने कुणाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. यह शिकायत शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने की थी.

कुणाल ने अपनी याचिका में कहा कि यह एफआईआर उनके बोलने की आजादी पर हमला है. उनका कहना है कि मजाक करना उनका अधिकार है. यह अधिकार संविधान में दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का यह कदम उनकी आजादी और पेशे को नुकसान पहुंचा रहा है.शिवसेना का कहना है कि कुणाल ने शिंदे को बदनाम किया. पार्टी का आरोप है कि कुणाल ने जानबूझकर अपमानजनक टिप्पणी की. दूसरी ओर, कुणाल माफी मांगने को तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि वे कानून का पालन करेंगे. लेकिन वे अपने मजाक पर कायम रहेंगे.बॉम्बे हाईकोर्ट में कुणाल की याचिका पर जल्द सुनवाई हो सकती है.


