राष्ट्रीय

वीर सावरकर जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं ने बुधवार को वीर सावरकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। सभी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए वीर सावरकर के अदम्य साहस, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “भारत माता के सच्चे सपूत वीर सावरकर को उनकी जन्म-जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। विदेशी हुकूमत की यातनाएं भी मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को नहीं डिगा सकीं। उनका त्याग और संघर्ष, विकसित भारत के निर्माण में प्रेरणा बना रहेगा।”

गृहमंत्री अमित शाह ने सावरकर के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए लिखा, “1857 के स्वतंत्रता संग्राम को इतिहास में स्थान दिलाने वाले सावरकर जी ने राष्ट्रहित को अखिल भारतीय चेतना बनाया। अस्पृश्यता के खिलाफ संघर्ष करते हुए वे जीवनभर समाज सुधार के लिए समर्पित रहे।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीर सावरकर को “प्रखर क्रांतिकारी एवं विचारक” बताते हुए लिखा कि उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी देशवासियों के लिए अनुकरणीय है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावरकर को “मां भारती का अमर सपूत” और “प्रखर राष्ट्रवादी नेता” बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर का संघर्षमय जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

Related Articles

Back to top button