उत्तर प्रदेश

हाफिजगंज में तेंदुए की दहशत बरकरार

 वन विभाग की तमाम कोशिशें अब तक नाकाम

बरेली। हाफिजगंज क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल लगातार बना हुआ है। बीते दो सप्ताह से तेंदुए के अलग-अलग स्थानों पर देखे जाने की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे पकड़ा नहीं जा सका है। वन विभाग ने खेतान फैक्ट्री परिसर में पिंजरा लगाकर उसमें बकरा भी बांधा है, लेकिन तेंदुआ अब तक शिकार के लिए वहां नहीं पहुंचा है।

शनिवार को बाग रख रहे स्थानीय निवासी इशहाक अहमद ने भी तेंदुआ देखे जाने की जानकारी दी। दरअसल, खेतान फैक्ट्री में तेंदुए की मौजूदगी का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी तेज कर दी है। फैक्ट्री परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें तेंदुआ कैद भी हुआ, लेकिन वह पिंजरे में नहीं फंसा। पिंजरा लगाए चार दिन हो चुके हैं, पर अब तक कोई सफलता नहीं मिली।

फैक्ट्री से सटे गांवों में लगातार तेंदुआ देखे जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पनुआ, टांडा, हरहरपुर, उस्मानपुर, लाड़पुर और दुआबट जैसे गांवों में तेंदुए के मूवमेंट के वीडियो वायरल हो चुके हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि फैक्ट्री से सटे एक निजी स्कूल ने एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी है।

स्थानीय लोग खासे परेशान हैं और वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य हाजी मुन्ने अंसारी ने भी अधिकारियों से अनुरोध किया है कि ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तेंदुए को जल्द पकड़ा जाए।

Related Articles

Back to top button