धर्म

फागण में रंगा लखनऊ, गूंजा “चलो खाटू नगरिया”

श्याम ज्योत मंडल की सतरंगी ध्वजा शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डीएफ हिंदी | लखनऊ

राजधानी लखनऊ फागण की भक्ति और उत्साह में सराबोर नजर आई, जब श्री श्याम ज्योत मंडल की ओर से 44वें श्री श्याम निशानोत्सव के अंतर्गत सतरंगी ध्वजा शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। ऐशबाग के तिलकनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क से प्रारंभ हुई यह भव्य यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री खाटू श्याम मंदिर में संपन्न हुई।

भक्तों के सिर पर राजस्थानी रंग-बिरंगी पगड़ियां, हाथों में लहराते श्याम निशान और “फागण में होली मनाएंगे चलो खाटू नगरिया…” जैसे भक्तिमय गीतों की गूंज ने माहौल को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्याम भक्त झूमते-नाचते आगे बढ़ते रहे।

शोभायात्रा में सबसे आगे प्रथम पूज्य गणेश स्वरूप सुसज्जित हाथी आकर्षण का केंद्र रहा। ऊंटों पर सैनिक, घोड़ों पर छत्रपति शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप और लक्ष्मीबाई के रूप में सजे युवक-युवतियों ने वीरता का संदेश दिया। वहीं सजे-धजे रथों पर राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण, दुर्गा-काली-सरस्वती, बाल हनुमान, लव-कुश, महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाषचंद्र बोस और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के रूप में सजे बालक-बालिकाओं ने सभी का मन मोह लिया।

फूलों से सुसज्जित रथ पर अखंड ज्योत और बाबा श्याम की मनमोहक झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखते ही बनता था। गणेशगंज और अमीनाबाद सहित कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि 24 फरवरी को बाबा श्याम को खाटू में निशान अर्पित किया जाएगा। इसके लिए 4 बजे मंडल के सदस्य बस द्वारा प्रस्थान करेंगे और 26 फरवरी को लखनऊ लौटेंगे।


Related Articles

Back to top button