[the_ad id="4133"]
Home » इंडिया » उत्तर प्रदेश » लखनऊ » “कूड़े से बिजली उत्पादन, लखनऊ नगर निगम की योजना”

“कूड़े से बिजली उत्पादन, लखनऊ नगर निगम की योजना”

निश्चय टाइम्स, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अब बेकार कूड़े से बिजली बनाई जाएगी। नगर निगम भरवारा में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट स्थापित करने जा रहा है, जिससे कचरे का बेहतर उपयोग करते हुए ऊर्जा उत्पादन किया जाएगा। प्लांट के निर्माण का कार्य दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही शहर में पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) भी लगाए जाएंगे, ताकि कचरे को ट्रांसफर करना अधिक सुविधाजनक और कुशल हो सके।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने बुधवार को नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर मॉडल को अपनाते हुए लखनऊ में भी घरों से सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। इसके लिए नागरिकों को जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा। महापौर ने यह भी बताया कि 3-4 जुलाई को हरियाणा के मानेसर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय अध्यक्ष सम्मेलन में उन्होंने लखनऊ नगर निगम का प्रतिनिधित्व किया। इस अवसर पर लखनऊ के शिवरी कूड़ा निस्तारण प्लांट, सीएंडडी (निर्माण और विध्वंस) प्लांट, मनोरथा गोशाला जैसे मॉडल कार्यों को प्रस्तुत किया गया। अन्य शहरों से भी अनेक प्रभावशाली प्रोजेक्ट देखने और सीखने को मिले।

प्रेस वार्ता के दौरान महापौर ने बताया कि लखनऊ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन से जोड़ने के लिए वहां से साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए स्थान चिन्हित कर नगर निगम जल्द योजना को लागू करेगा। सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम जल्द ही क्रेन से ऐसे वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।इसके अतिरिक्त, सांसद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन (10 जुलाई) के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सुबह 6 से 8 बजे तक यह अभियान पूरे शहर में संचालित होगा।

ntuser1
Author: ntuser1

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com