लखनऊ

लखनऊपेक्स’ का भव्य समापन, छात्रों की प्रतिभा को मिला सम्मान

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विजेताओं को दिए पुरस्कार, फिलेटली को मिला नया उत्साह

निश्चय टाइम्स डेस्क। जनभवन, लखनऊ में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “लखनऊपेक्स” का उत्साहपूर्ण माहौल में सफल समापन हुआ। भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फिलेटलिस्टों ने अपने दुर्लभ और संग्रहणीय डाक टिकटों का प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और आकर्षण और बढ़ गया।

प्रदर्शनी के दौरान विशेष आवरण, विशेष विरूपण और चित्र पोस्टकार्ड का विमोचन किया गया, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना। इसके साथ ही स्कूली बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी, पत्र लेखन और डाक टिकट डिजाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फिलेटली पर कार्यशाला और संगोष्ठी के माध्यम से छात्रों और आम नागरिकों को डाक टिकट संग्रह के इतिहास और महत्व से अवगत कराया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य नई पीढ़ी में रचनात्मकता बढ़ाने के साथ-साथ डाक टिकटों के जरिए देश की संस्कृति और विरासत के प्रति जागरूकता फैलाना था।

अंतिम दिवस पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मदिहा जावेद ने प्रथम, मृत्युंजय मौर्या ने द्वितीय और प्रियांश सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पत्र लेखन प्रतियोगिता में दिव्यांशी व्यास प्रथम, अंशिका पटेल द्वितीय और सुमेधा चंदेल तृतीय रहीं। वहीं डाक टिकट डिजाइन प्रतियोगिता में तनिष्का ने पहला, आयुशी सिंह ने दूसरा और आलिया वारसी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

समापन समारोह पोस्टमास्टर जनरल, मुख्यालय परिक्षेत्र लखनऊ की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रदर्शनी की सफलता पर बधाई देते हुए भविष्य में भारतीय डाक विभाग की ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

“लखनऊपेक्स” ने न केवल फिलेटली को नई पहचान दी बल्कि छात्रों की रचनात्मक क्षमता को भी मंच प्रदान किया, जिससे यह आयोजन शहर के शैक्षिक और सांस्कृतिक कैलेंडर का यादगार हिस्सा बन गया।


Related Articles

Back to top button