उत्तर प्रदेश

लखनऊ में बन रहा ‘नौसेना शौर्य संग्रहालय’—70% तैयार, देशभक्ति और तकनीक का संगम

7D थिएटर, वॉर सिम्युलेटर और असली युद्ध उपकरणों के साथ मिलेगा लाइव नौसैनिक अनुभव

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
राजधानी लखनऊ के आईटी सिटी क्षेत्र में निर्माणाधीन ‘नौसेना शौर्य संग्रहालय’ अब तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। करीब 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है और यह परियोजना भारतीय नौसेना के शौर्य, तकनीकी कौशल और बलिदान का जीवंत प्रतीक बनने जा रही है। जहाज के आकार में तैयार हो रहा यह संग्रहालय अपने आप में अनूठा होगा, जहां आगंतुकों को वास्तविक नौसैनिक जीवन का अनुभव मिलेगा।

संग्रहालय परिसर में विकसित हो रही ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ भी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जिसका लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यहां ऐतिहासिक टीयू-142एम विमान, सी किंग एसके-42बी हेलीकॉप्टर, आईएनएस गोमती से जुड़े मिसाइल, टॉरपीडो और पनडुब्बी रोधी उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, यह संग्रहालय न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय बनेगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को देशभक्ति एवं सैनिकों के बलिदान से जोड़ना है।

इस संग्रहालय की सबसे बड़ी खासियत इसकी अत्याधुनिक तकनीक होगी। यहां 7D थिएटर, एयरक्राफ्ट कैरियर लैंडिंग और वॉरशिप सिम्युलेटर के जरिए पुलवामा के बाद की सैन्य कार्रवाई और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों की झलक दिखाई जाएगी। साथ ही डिजिटल वॉटर स्क्रीन शो, मरीन लाइफ एक्वेरियम और ‘ड्रेस लाइक योर हीरोज़’ जैसी इंटरएक्टिव गतिविधियां भी आकर्षण बढ़ाएंगी।

इसके अलावा ‘स्मृति उद्यान’ वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक शांत और प्रेरणादायक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह संग्रहालय न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा बल्कि शोधकर्ताओं और छात्रों के लिए भी ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।

Related Articles

Back to top button