राष्ट्रीय
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024: मतदान के बीच बिटकॉइन घोटाले पर गरमाई राजनीति

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए आज 20 नवंबर को मतदान हो रहा है। चुनावी सरगर्मियों के बीच भाजपा नेता संबित पात्रा ने महाविकास अघाड़ी के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि सुप्रिया सुले, नाना पटोले, और अन्य नेताओं पर 235 करोड़ रुपये के बिटकॉइन और क्रिप्टो करेंसी घोटाले में शामिल होने का आरोप है।
क्या है मामला?
संबित पात्रा ने कहा कि महाराष्ट्र में बिटकॉइन और क्रिप्टो करेंसी से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह धन लोकसभा और विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल किया गया। पात्रा के अनुसार, पुणे के पूर्व आईपीएस अधिकारी रविंद्र नाथ पाटिल इस मामले में अहम भूमिका निभाते हैं।
“रविंद्र नाथ पाटिल ने 2010 में आईपीएस की नौकरी छोड़ दी थी। उन्हें साइबर एक्सपर्ट के रूप में नियुक्त किया गया, लेकिन बाद में जेल भेज दिया गया। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने बिटकॉइन घोटाले की परतें खोलीं।”
ऑडियो क्लिपिंग का जिक्र
संबित पात्रा ने एक कथित ऑडियो क्लिपिंग का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें सुप्रिया सुले, नाना पटोले और अन्य नेताओं का नाम सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया:
“सुप्रिया सुले ऑडियो में कह रही हैं कि दुबई जाकर बिटकॉइन को कैश करा लाओ। वहीं, नाना पटोले पुणे पुलिस कमिश्नर को पैसे देने के लिए कह रहे हैं।”
सुप्रिया सुले का पलटवार
सुप्रिया सुले ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह उनकी आवाज नहीं है। उन्होंने इसे AI जनरेटेड ऑडियो बताया और कहा कि भाजपा उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रही है।
भाजपा ने राहुल गांधी से मांगा जवाब
संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा:
“राहुल गांधी को इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी चाहिए और स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उन्होंने नाना पटोले को कोई निर्देश दिया था?”



