राष्ट्रीय

Maharashtra: ‘फडणवीस की सत्ता की गर्मी निकालने का समय आ गया’ – कांग्रेस नेता नाना पटोले के विवादित बोल

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के प्रचार में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भाजपा और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा को महाराष्ट्र से बाहर निकालने का समय आ गया है।” अकोला में कांग्रेस उम्मीदवार साजिद खान पठान के समर्थन में प्रचार करते हुए पटोले ने भाजपा की सोच पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि “भाजपा की सोच मनुस्मृति से प्रेरित है और वह समाज को गरीब बनाए रखना चाहती है।”
फडणवीस और भाजपा पर हमला
नाना पटोले ने अपने बयान में भाजपा नेताओं पर तीखा हमला करते हुए कहा, “भाजपा वाले खुद को भगवान समझते हैं। दिल्ली वाले खुद को विश्वगुरु मानते हैं, और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस खुद को भगवान समझते हैं। अब समय आ गया है कि उनकी सत्ता की गर्मी निकाल दी जाए।” पटोले ने कहा कि भाजपा ने जनता के विश्वास को तोड़ा है, और अब उनकी सरकार को उसकी जगह दिखाने का वक्त है।
लाल रंग को लेकर भाजपा पर पलटवार
पटोले ने देवेंद्र फडणवीस के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें लाल रंग को नक्सलवाद से जोड़ने की बात कही गई थी। पटोले ने कहा, “लाल रंग हिंदू धर्म में पवित्र माना जाता है। नवविवाहिताओं की साड़ी का रंग लाल होता है, सिंदूर भी लाल होता है। इसका मतलब यह नहीं कि वे नक्सली हैं। कोई फडणवीस को यह समझाए।”
288 सीटों पर 20 नवंबर को चुनाव
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी। सत्तारूढ़ महायुति, जिसमें शिवसेना (शिंदे गुट), भाजपा, और एनसीपी (अजीत पवार गुट) शामिल हैं, सत्ता बनाए रखने की कोशिश में हैं। वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए), जिसमें शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरद पवार गुट), और कांग्रेस शामिल हैं, राज्य में सत्ता परिवर्तन के लिए जोर-शोर से चुनाव प्रचार कर रही है।

Related Articles

Back to top button