देवरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई

26 लाख की शराब और 7 गौवंशीय पशु बरामद
देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में अवैध शराब और गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद पुलिस को दो बड़ी सफलताएँ हाथ लगीं। पुलिस की इन कार्रवाइयों ने न केवल तस्करों के नेटवर्क को झटका दिया है बल्कि कानून व्यवस्था पर आम जनता का भरोसा भी मजबूत किया है।
पहली कार्रवाई : 26 लाख की शराब बरामद
लार थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मेहरौना चेकपोस्ट के पास से एक ट्रक (UP 25BT 9727) को पकड़ा। तलाशी में ट्रक से पंजाब निर्मित 450 पेटी अंग्रेजी शराब (3949.2 लीटर) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 26 लाख रुपये बताई गई। शराब को बिहार तस्करी कर ले जाया जा रहा था। मौके से मुजफ्फरपुर (बिहार) के निवासी दो तस्कर—डबलू कुमार और अमन कुमार—को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी कार्रवाई : 7 गौवंशीय पशु बरामद
बरियारपुर थाना पुलिस ने बाराडीह पुलिया के पास से एक पिकअप (UP 57T 7233) को पकड़ा। वाहन में अवैध रूप से भरे गए 7 गौवंशीय पशुओं को बिहार ले जाया जा रहा था। इस दौरान मौके से दो आरोपी, सतेंद्र यादव (ग्राम मुसैला, थाना खुखुन्दु, देवरिया) और प्रदीप यादव (ग्राम बंगरा समरगंज, थाना खामपार, देवरिया) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ गौ हत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।


