उत्तर प्रदेश

मायावती ने किए बड़े फेरबदल, रणधीर बेनीवाल बने बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष मायावती ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपने छोटे भाई आनंद कुमार की जगह रणधीर बेनीवाल को पार्टी का राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया है। इस बदलाव की घोषणा उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर की।

आनंद कुमार ने खुद जताई इच्छा

मायावती ने बताया कि आनंद कुमार, जो पहले से ही बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और हाल ही में राष्ट्रीय समन्वयक भी बनाए गए थे, उन्होंने पार्टी हित में केवल एक पद पर कार्य करने की इच्छा जताई। इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर ही बनाए रखने का फैसला किया गया है।

रणधीर बेनीवाल को नई जिम्मेदारी

अब रणधीर बेनीवाल को राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। वे सहारनपुर जिले से आते हैं और पार्टी में लंबे समय से सक्रिय हैं। इस बदलाव के साथ बसपा में दो राष्ट्रीय समन्वयकों की टीम बनेगी, जिसमें रामजी गौतम (राज्यसभा सांसद) और रणधीर बेनीवाल शामिल होंगे।

मायावती ने जताई उम्मीद

मायावती ने उम्मीद जताई कि दोनों नेता पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पार्टी की जिम्मेदारियां निभाएंगे और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। यह बदलाव आगामी चुनावों से पहले बसपा संगठन में नई रणनीति का संकेत माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button