व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित ए.पी. सेन सभागार में आयोजित ‘अस्तित्व सम्मान समारोह 2025’ एवं परिचर्चा में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पूज्य स्वामी डॉ. कैलाशानंद गिरी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके आध्यात्मिक मार्गदर्शन का लाभ लिया।

यह कार्यक्रम “सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति – अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य एवं महिला विमर्श” विषय पर केंद्रित था, जिसमें समाज संवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से भारतीय संस्कृति की वैश्विक प्रासंगिकता पर चर्चा हुई।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति के मूल्यों और आधुनिक चुनौतियों के बीच संतुलन स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक संरक्षण और वैश्विक स्तर पर भारतीय विरासत के बढ़ते प्रभाव पर अपने विचार व्यक्त किए।





