Breaking newsइंडिया

झारखंड में जल्द पहुंचेगा मानसून, अलर्ट जारी

निश्चय टाइम्स, डेस्क। झारखंड में मानसून जल्द ही दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी मानसून के 17 से 19 जून के बीच राज्य में प्रवेश करने की संभावना है। इस दौरान झारखंड के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि राज्य में मानसून पूर्व गतिविधियां रविवार से शुरू हो सकती हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि 17 जून से अगले दो दिन के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (भारी से अत्यधिक भारी बारिश) और सोमवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ (भारी बारिश) जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून के आने के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

झारखंड में आमतौर पर 12 जून से 25 जून के बीच मानसून पहुंचता रहा है, लेकिन इस वर्ष केरल में मानसून पहले ही 24 मई को दस्तक दे चुका है, जो सामान्य से लगभग एक सप्ताह पहले है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी चार महीनों की मानसून अवधि के दौरान झारखंड में सामान्य बारिश होने की संभावना है। ऐसे में किसानों और जल स्रोतों के लिए यह अच्छी खबर मानी जा रही है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि एक जून से 30 सितंबर के बीच होने वाली बारिश को मानसून की औपचारिक अवधि माना जाता है। इस दौरान की वर्षा को ही ‘मानसून की बारिश’ के रूप में दर्ज किया जाता है। पिछले वर्ष 2023 में झारखंड में मानसून की बारिश सामान्य रही थी, लेकिन क्षेत्रीय असमानता के चलते राज्य सरकार को 17 जिलों के 158 प्रखंडों को सूखाग्रस्त घोषित करना पड़ा था। इससे पहले वर्ष 2022 में हालात और भी खराब रहे। उस समय जून और जुलाई में कम बारिश के कारण राज्य के 260 में से 226 प्रखंडों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया था। हालांकि, इस वर्ष मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि मानसून सामान्य रहेगा और बारिश भी औसतन पर्याप्त होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button