मसूरी के भूड़गढ़ी रजबहे के पास बीती देर रात एक कैंटर में अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कैंटर में पॉलीथिन और रद्दी कागज का गत्ता लोड था और यह पेपर मिल की ओर जा रहा था। आग लगने के बाद कैंटर चालक विक्रम सिंह ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शनिवार रात को कैंटर में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी और फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कैंटर चालक विक्रम सिंह ने बताया कि वह विशाल इंडस्ट्री साहिबाबाद से रद्दी कागज और पॉलीथिन लेकर मसूरी स्थित गंगा पेपर मिल जा रहा था, लेकिन रास्ता भूलकर भूड़गढ़ी गांव की तरफ चला गया। जैसे ही वह रजबहे पुल के पास पहुंचा, गाड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। उसने तुरंत गाड़ी रोकी और गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिनके प्रयास से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने कैंटर के आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। चालक की ओर से फिलहाल कोई तहरीर भी नहीं मिली है।