राष्ट्रीय

नासिक कुंभ 2027: ‘तैयारियां धीमी, लेकिन चुनौतियों से पार पा लेंगे’ – सीएम फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नासिक में 2027 कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे पर काम अभी तय समय से पीछे चल रहा है, लेकिन स्थिति में सुधार हो रहा है। सीएम ने स्वीकार किया कि अगर 2020 में ही तैयारियां शुरू कर दी जातीं, तो वर्तमान स्थिति बेहतर होती। सीएम फडणवीस ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में चुनौतियां आना स्वाभाविक है, लेकिन सरकार इनसे पार पाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 2015 के कुंभ मेले की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि तब कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई थी, और इसी तरह 2027 का आयोजन भी सुरक्षित और सुव्यवस्थित होगा।फडणवीस ने नासिक कुंभ को ‘आस्था और प्रौद्योगिकी का कुंभ’ बताया। उन्होंने कहा कि इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, भीड़ प्रबंधन प्रणाली, संवर्धित वास्तविकता (AR) और आभासी वास्तविकता (VR) जैसे आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा। फडणवीस ने प्रयागराज कुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि नासिक कुंभ भी महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और श्रद्धालुओं की व्यापक भागीदारी से यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा।

Related Articles

Back to top button