[the_ad id="4133"]
Home » इंडिया » रक्षा मंत्री की मौजूदगी में नीरज चोपड़ा बने भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल

रक्षा मंत्री की मौजूदगी में नीरज चोपड़ा बने भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को बुधवार को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि प्रदान की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी की मौजूदगी में आयोजित समारोह के दौरान नीरज को यह उपाधि दी गई। इस खास मौके पर नीरज सेना की वर्दी में नजर आए और गर्व से भारतीय तिरंगे को सलाम किया।

हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव के रहने वाले 27 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने देश का गौरव कई बार बढ़ाया है। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। इससे पहले नीरज भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें प्रादेशिक सेना (Territorial Army) में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल का पद मिला है।

नीरज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी वर्ष 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दी गई थी। इस तरह नीरज अब उस विशिष्ट सूची में शामिल हो गए हैं, जिनमें खेल जगत के प्रतिष्ठित नाम भी शामिल हैं।

इस साल मई में रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों के विभाग ने एक अधिसूचना जारी की थी, जिसमें यह बताया गया था कि राष्ट्रपति ने 16 अप्रैल 2025 से नीरज को प्रादेशिक सेना में यह मानद पद प्रदान करने की स्वीकृति दी है।

हालांकि, खेल के मैदान में नीरज का मौजूदा सीजन थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहा। वह इस बार डायमंड लीग खिताब नहीं जीत पाए और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक का बचाव नहीं कर सके। उन्होंने 84.03 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था। फिर भी, देशवासियों के लिए यह गर्व का क्षण है कि भारत का यह बेटा अब सेना की वर्दी में देश की सेवा करेगा।

ntuser1
Author: ntuser1

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com