अयोध्या

रामसनेहीघाट में आधुनिक बस स्टेशन का लोकार्पण

लखनऊ-अयोध्या-रायबरेली रूट के यात्रियों को बड़ी राहत

3.36 करोड़ की लागत से तैयार हुआ यात्री सुविधाओं से लैस केंद्र

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क (डीएफ हिंदी)
उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बाराबंकी के रामसनेहीघाट (भिटरिया) में नवनिर्मित बस स्टेशन का लोकार्पण कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में तैयार यह बस स्टेशन राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा की मांग पर विकसित किया गया है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

करीब 336.90 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह बस स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। निर्माण कार्य यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा पूरा किया गया। यहां यात्रियों के लिए स्वच्छ शौचालय, पेयजल की समुचित व्यवस्था, हैंडपंप, इंटरलॉकिंग फर्श, साइनज, बफर स्ट्रिप, प्लेटफॉर्म, बाउंड्री वॉल और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

लोकार्पण के अवसर पर परिवहन मंत्री ने 5 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के जरिए बाराबंकी-भिटरिया से अयोध्या धाम, जौनपुर, वाराणसी, रायबरेली, प्रयागराज, चित्रकूट, कानपुर और कौशांबी जैसे महत्वपूर्ण शहरों के लिए सीधा संपर्क स्थापित किया गया है। इससे यात्रियों को आवागमन में न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि समय और लागत दोनों की बचत भी होगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह भुल्लन वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष दिलीप मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस बस स्टेशन को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button