हरमंदिर साहिब पहुंचीं नीता अंबानी

अमृतसर: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती नीता अंबानी ने मंगलवार को पंजाब के अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में दर्शन किए। उन्होंने माथा टेककर वाहेगुरु का आभार व्यक्त किया और गुरबाणी का शांत चित्त से श्रवण किया। इस दौरान पवित्र परिसर में श्रद्धा और सादगी का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रातः काल नीता अंबानी का काफिला कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच हरमंदिर साहिब पहुंचा। परिसर में प्रवेश करने से पहले उन्होंने सर ढका और पांव में जूते-चप्पल उतारकर पारंपरिक मर्यादा का पालन किया। नीता अंबानी ने मुख्य भवन में श्रद्धापूर्वक माथा टेका और कुछ देर तक भीतर बैठकर गुरबाणी का ध्यानपूर्वक श्रवण किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीता अंबानी बेहद विनम्र और आध्यात्मिक भाव में नजर आईं। उन्होंने दर्शन के बाद परिसर के लंगर भवन और सरोवर क्षेत्र का भी अवलोकन किया। स्थानीय प्रबंधन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। हालांकि मीडिया से दूरी बनाए रखते हुए उन्होंने किसी प्रकार का सार्वजनिक बयान नहीं दिया।



