राष्ट्रीय
उत्तर भारत ठिठुर रहा सर्द हवाओं में, कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। पहाड़ी राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत समूचे उत्तर भारत में कोहरे और शीतलहर का असर गहराता जा रहा है।
घने कोहरे से बाधित यातायात
घने कोहरे के चलते रविवार को कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई। यूपी के वाराणसी, प्रयागराज, बलिया और फुरसतगंज में दृश्यता शून्य रही। आगरा में ताजमहल घने कोहरे में छिप गया। दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर सुबह 9:30 बजे दृश्यता 350 मीटर रिकॉर्ड की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, श्रीनगर को छोड़कर उड़ानों पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।
बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठंड
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया। पहलगाम में -8.0°C, गुलमर्ग में -8.5°C और लेह में -11.5°C दर्ज किया गया। हिमाचल के तांबो में -12.3°C और कुकुमसेरी में -7.0°C तापमान रहा। माउंट आबू में पारा शून्य तक पहुंच गया है।




