उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग सचिव ने की 5 राज्यों की परियोजनाओं की समीक्षा
नई दिल्ली। उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया ने झारखंड, सिक्किम, नागालैंड, असम और अरुणाचल प्रदेश की महत्त्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए, क्षेत्रीय विकास में तेजी लाने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह समीक्षा परियोजना निगरानी समूह (पीएमजी) की विशेष बैठक के तहत की गई, जिसमें केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों व निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में झारखंड की 34,213 करोड़ रुपये की लागत वाली 11 परियोजनाओं सहित कुल 19 परियोजनाओं के 31 मुद्दों की गहन समीक्षा की गई। प्रमुख परियोजनाओं में झारखंड का पतरातू थर्मल पावर स्टेशन, अरुणाचल प्रदेश की दिबांग जलविद्युत परियोजना, नागालैंड की कोहिमा बाईपास रोड, और अरुणाचल में जियोएनप्रो पेट्रोलियम लिमिटेड की निजी परियोजना शामिल हैं।
पतरातू पावर प्रोजेक्ट (2,400 मेगावाट) को सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित बताया गया, जो दक्षता व पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण है। वहीं दिबांग हाइड्रो प्रोजेक्ट भारत का सबसे ऊंचा बांध होगा, जो 11,223 मिलियन यूनिट स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन कर सालाना बाढ़ नियंत्रण में भी मदद करेगा। नागालैंड की कोहिमा बाईपास रोड राज्य की यातायात व्यवस्था व अंतरराज्यीय संपर्क को सशक्त बनाएगी, जिससे व्यापार और पर्यटन को बल मिलेगा।
