
मर्चेंट्स चेम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश (MCUP) की कॉरपोरेट अफेयर्स कमेटी द्वारा “Stock Market vis-à-vis Current Economy” विषय पर एक विशेष इंटरएक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और निवेश से जुड़े विशेषज्ञों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
अनुभवी वक्ता ने साझा किए निवेश मंत्र
सत्र के मुख्य वक्ता श्री राजीव अग्रवाल रहे, जिन्होंने शेयर बाजार, निवेश रणनीतियों और वर्तमान आर्थिक परिदृश्य पर गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया। उन्होंने वैश्विक मैक्रो आर्थिक रुझानों का विश्लेषण करते हुए बताया कि इन रुझानों को भारत की विकास यात्रा के साथ किस प्रकार जोड़ा जा सकता है।
उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि वे उन क्षेत्रों की पहचान करें जहां वैश्विक और भारतीय आर्थिक रुझानों का स्पष्ट कन्वर्जेंस दिखाई देता हो।

भारत में संरचनात्मक परिवर्तन का दौर
श्री अग्रवाल ने कहा कि भारत इस समय संरचनात्मक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ निवेश करना आवश्यक है। उन्होंने हेल्थकेयर और मेडिकल इनोवेशन, डेटा सेंटर्स और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिफेंस और एयरोस्पेस तथा पावर और ऊर्जा अनुसंधान जैसे क्षेत्रों को भविष्य के लिए संभावनाशील बताया।
उनके अनुसार, इन क्षेत्रों में नीति समर्थन, तकनीकी प्रगति और बढ़ती मांग के कारण दीर्घकालिक विकास की मजबूत संभावनाएं हैं।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन सीए शिवांश मेहरा ने किया। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. महेंद्र मोहन गुप्ता ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सीएस आदेश टंडन ने स्वागत भाषण में शेयर बाजार की भूमिका पर प्रकाश डाला। पूर्व अध्यक्ष श्री अतुल कनोडिया ने विषय की भूमिका रखते हुए अतिथियों का स्वागत किया।
सीए हिमांशु कपूर ने मुख्य वक्ता का औपचारिक परिचय कराया। सत्र के अंत में चैंबर काउंसिल सदस्य विश्वनाथ गुप्ता ने स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि सुशील शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
ओपन हाउस में हुआ सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी कर निवेश और अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।
इस अवसर पर सीए राजीव मेहरोत्रा, सीए राजेश मेहरा, सीए अमित पांडेय, डॉ. जय प्रकाश, दीप गर्ग, उमेश पांडेय, सुबोध शाह, पंकज जैन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



