ऑपरेशन सिंदूर के नायक BSF जवान को फ्लाइट में मिला सम्मान

जम्मू में दुश्मन की गोलियों के बीच साथी जवानों को बचाने वाले ASI राजप्पा बीडी को इंडिगो की दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट में किया गया सम्मानित, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
नई दिल्ली। देश की सुरक्षा में अद्वितीय साहस दिखाने वाले BSF के सहायक उप निरीक्षक (ASI) राजप्पा बीडी को इंडिगो की एक फ्लाइट में अनोखे अंदाज़ में सम्मानित किया गया। 10 जून 2025 को दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट में फ्लाइट अटेंडेंट ने जब ऑपरेशन सिंदूर के नायक का नाम लेकर वीरता की गाथा सुनाई, तो पूरा केबिन तालियों से गूंज उठा।
राजप्पा बीडी, जो BSF की 165वीं बटालियन से हैं, ने 7 मई को जम्मू सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलीबारी के बीच साहसिक रूप से अपने साथियों की जान बचाई थी। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें भी आई थीं। इंडिगो की फ्लाइट में उनके सम्मान में की गई इस घोषणा के दौरान वे भावुक हो गए और यात्रियों का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।
वीडियो में फ्लाइट अटेंडेंट को कहते हुए सुना जा सकता है –
“इस फ्लाइट में हमारे साथ एक असाधारण यात्री हैं – BSF के ASI राजप्पा बीडी, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्वितीय साहस और समर्पण का परिचय दिया। आइए हम सब उनका सम्मान करें।”
इस भावनात्मक पल को यात्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से भर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं।
BSF ने भी अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल से यह वीडियो साझा करते हुए लिखा –
“कुछ वीर जन्म से नहीं, कर्म से महान बनते हैं।”
उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस को उनके इस सम्मान के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ये पहल हर सैनिक के मनोबल को ऊंचा करती है।



