राष्ट्रीय

पहलगाम आतंकी हमला: अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, परिजन बोले – हमें न्याय चाहिए

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस भयावह हमले में 26 मासूम लोगों की जान चली गई, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। सरकार ने इस घटना को लेकर तुरंत एक्शन लिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को हमले की जगह पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गृहमंत्री शाह ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की, जहां कई लोग फूट-फूट कर रो पड़े। परिजनों ने कहा कि उन्हें अपने परिवार के सदस्यों के लिए न्याय चाहिए, सिर्फ सहानुभूति नहीं। शाह ने भरोसा दिलाया कि गुनहगारों को छोड़ा नहीं जाएगा और हर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का अपना अहम दौरा बीच में ही छोड़कर बुधवार सुबह भारत वापसी की। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उन्होंने आपातकालीन उच्च स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव मौजूद थे। बैठक में हमले की गंभीरता, अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा — “भारत इस हमले का माकूल जवाब देगा।”

घटना में महाराष्ट्र के पुणे निवासी जगदाले परिवार पर सबसे भारी बीती। परिवार की बेटी असावरी ने बताया कि हमले के वक्त वे सब पहलगाम की बेताब घाटी स्थित ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ में थे। आतंकियों ने पुरुषों को निशाना बनाया, और उनके पिता और चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 26 वर्षीय असावरी, जो पुणे में मानव संसाधन पेशेवर हैं, ने कहा – “हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारी फैमिली ट्रिप इस तरह एक भयानक हादसे में बदल जाएगी।” उन्होंने बताया कि आसपास और भी कई परिवार थे, लेकिन आतंकियों का निशाना पुरुष पर्यटक थे, जो इस हमले की नीयत को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button