21 जुलाई को एल्डिको सिटी, आई आई एम रोड लखनऊ के ब्रीज अपार्टमेंट क्लब एरिया में उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था द्वारा कारगिल विजय दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि लखनऊ मेयर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी रहीं। कीर्ति चक्र विजेता अमरशहीद कैप्टन अंशुमन सिंह के माता पिता श्रीमती मंजू सिंह व वेटरन रवि प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में एवं डा o दिब्येंदु बनर्जी प्रिंसिपल साइंटिस्ट सी डी आर आई लखनऊ ,अध्यक्ष रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एल्डिको सिटी लखनऊ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ, भारत माता एवं शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए हुई। कारगिल युद्ध में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
लखनऊ मेयर ने शहीद हुए बलिदानियों को किया याद
महिलाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों , कारगिल युद्ध पर लिखी कविताओं एवं बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने सभी को आकर्षित किया। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष एवं महासचिव द्वारा लखनऊ मेयर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी को शॉल तिरंगा पट्टिका एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के साथ प्रदेश अध्यक्ष जी ने शहीद परिवार को सम्मानित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि लखनऊ मेयर ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए बलिदानियों को याद करते हुए सदैव सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए सहयोग करने की बात कही।उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष जी ने अपने उद्बोधन में कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर बलिदानियों को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
10 नए सदस्यों ने संस्था की आधिकारिक सदस्यता ग्रहण की
साथ ही दुश्मन की धूर्तता का मुंहतोड़ जवाब देते हुए जिस प्रकार से भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में विजय गाथा लिखी उसका संक्षिप्त वर्णन किया। स्वयं प्रदेश अध्यक्ष जी उस समय वायु सेना स्टेशन श्रीनगर में तैनात थे। कार्यक्रम में संस्था के प्रदेश महासचिव वेटरन कृष्ण प्रकाश सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष वेटरन अरुण कुमार द्विवेदी, प्रदेश कोषाध्यक्ष वेटरन सुरेश कुमार वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष यू पी मध्य वेटरन सुरेन्द्र नाथ यादव, क्षेत्रीय संयोजक यू पी पूर्वी वेटरन मनोज कुमार सिंह, जिलसचिव लखनऊ जय राम यादव, संयोजक वेटरन आर डी सिंह, सह संयोजक वेटरन रवि शंकर प्रसाद, कोषाध्यक्ष वेटरन चन्द्र भूषण तिवारी सहित सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने उपस्थिति दर्ज की।
कार्यक्रम के आयोजन में एल्डिको सिटी से वेटरन प्रभात कुमार गुप्ता, वेटरन बंशीधर मिश्रा एवं उनके सहयोगियों ने प्रमुख भूमिका निभाई। 10 नए सदस्यों ने संस्था की आधिकारिक सदस्यता भी ग्रहण की। संस्था एवं सैन्य समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले माननीय सदस्यों को भी प्रशंशा पत्र देते हुए सम्मानित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष जी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
