बिहार

पटना: गिरिराज सिंह का तेजस्वी यादव पर तीखा हमला

बिहार में मतदाता सूची को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को पटना में तेजस्वी यादव पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने तेजस्वी की पत्नी राजश्री यादव के नाम को वोटर लिस्ट में शामिल किए जाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।

गिरिराज सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “तेजस्वी यादव खुद को समाजवादी कहते हैं, लेकिन यह कैसा पाखंड है कि उन्होंने अपनी पत्नी का नाम और धर्म छुपाया? अगर उनकी पत्नी ईसाई थीं तो इसमें शर्म की क्या बात है? क्या ईसाई होना अपराध है?” उन्होंने पूछा कि राजश्री आखिर वोटर कैसे बनीं, और क्या यह प्रक्रिया नागरिकता प्रमाण पत्र के आधार पर पूरी हुई?

केंद्रीय मंत्री ने तेजस्वी यादव और विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, “वो लोग अवैध नागरिकों को वोटर लिस्ट में शामिल करवाकर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करना चाहते हैं।” उन्होंने पूछा, “क्या रोहिंग्या और घुसपैठियों को भारत का नागरिक मान लिया जाए? विपक्ष को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर वे किन लोगों को वोट का अधिकार देना चाहते हैं।”

उन्होंने विपक्ष के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि आधार कार्ड को नागरिकता प्रमाण माना जा रहा है। गिरिराज सिंह ने स्पष्ट किया कि “आधार कार्ड पर साफ लिखा होता है कि यह नागरिकता प्रमाण नहीं है।”

गिरिराज सिंह ने यह भी मांग की कि बिहार में हर 10 साल में मतदाता सूची का सघन पुनरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा, “यह काम पहले ही हो जाना चाहिए था। देश की सुरक्षा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अवैध नागरिकों की पहचान जरूरी है।”

अंत में उन्होंने कहा, “भारतीय मुसलमान इस देश में सबसे सुरक्षित हैं, लेकिन जो लोग घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं, वे देश के खिलाफ गद्दारी कर रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button