गर्मी के मौसम में आम का इंतजार हर किसी को रहता है। इसका स्वाद ऐसा है कि हर उम्र का इंसान इसे पसंद करता है। लेकिन कई लोगों के लिए यह मीठा फल मुसीबत का कारण भी बन जाता है। जी हां, कुछ लोगों को आम खाने के बाद चेहरे पर पिंपल्स या दाने निकलने लगते हैं। अगर आप भी उन्हीं में से हैं जो आम खाने के बाद स्किन रिएक्शन का शिकार हो जाते हैं, तो चिंता न करें। स्किन एक्सपर्ट्स ने इस परेशानी से बचने के कुछ आसान उपाय बताए हैं, जिन्हें अपनाकर आप बिना डर आम का स्वाद ले सकते हैं।
1. सीमित मात्रा में खाएं आम
 हर व्यक्ति की त्वचा की प्रतिक्रिया अलग-अलग होती है। कुछ लोग आराम से 3-4 आम खा लेते हैं, लेकिन जिनकी स्किन सेंसिटिव होती है, उन्हें सीमित मात्रा में आम खाना चाहिए। एक बार में एक या दो आम ही खाएं और अगर दाने फिर भी निकलते हैं तो मात्रा और घटा दें।
2. दिन में खाएं, रात में नहीं
आम खाने का समय भी काफी मायने रखता है। विशेषज्ञों के अनुसार, आम को सुबह या दोपहर में खाना बेहतर रहता है, जब शरीर का मेटाबॉलिज्म सबसे एक्टिव होता है। रात के समय आम से बचना चाहिए क्योंकि उस समय शुगर का पाचन धीमा होता है और इसका असर स्किन पर दिख सकता है।
3. फाइबर और प्रोटीन के साथ खाएं
आम में नेचुरल शुगर होती है जो ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकती है। इससे स्किन में तेल (सीबम) उत्पादन बढ़ता है और पिंपल्स की समस्या हो सकती है। ऐसे में आम को ड्राय फ्रूट्स, दालों या सलाद जैसे फाइबर और प्रोटीन वाले फूड्स के साथ खाना चाहिए ताकि शुगर स्पाइक कम हो।
4. सही किस्म के आम चुनें
हर आम एक जैसा नहीं होता। देसी आमों में फाइबर ज्यादा होता है जबकि ‘अल्फांसो’ जैसे आम में मिठास अधिक होती है। ज्यादा फाइबर वाले आम ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं, जिससे स्किन की समस्या कम हो सकती है।
5. कच्चा आम खाएं
अगर पके आम से पिंपल्स हो रहे हैं तो कच्चे आम का सेवन करें। इसमें शुगर की मात्रा कम होती है और यह त्वचा पर कम असर डालता है। आप इसका पना या चटनी बनाकर सेवन कर सकते हैं।
इन टिप्स को अपनाकर आप आम का आनंद बिना स्किन प्रॉब्लम्स के ले सकते हैं।
Author: Sweta Sharma
I am Sweta Sharma, a dedicated reporter and content writer, specializes in uncovering truths and crafting compelling news, interviews, and features.
								
															
			
			




