राष्ट्रीय

आदमपुर एयरबेस पहुंचे पीएम मोदी, ऑपरेशन सिंदूर के बीच वायुसेना के शौर्य को दी सलामी

मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के आदमपुर एयरबेस का दौरा किया, जो हाल के दिनों में भारत-पाकिस्तान तनाव का केंद्र बना हुआ है। पीएम मोदी ने भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े घटनाक्रमों पर विस्तृत जानकारी ली। यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि 10 मई को पाकिस्तान ने आदमपुर एयरबेस पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे। इसके जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए।

पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने आदमपुर में तैनात भारत के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया है, लेकिन भारतीय रक्षा अधिकारियों ने इसे “दुष्प्रचार” करार देते हुए कहा कि S-400 प्रणाली पूरी तरह सुरक्षित है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें वे वायुसेना के विमान के सामने खड़े हैं और दीवार पर लिखा है –
“क्यों दुश्मन पायलटों को अच्छी नींद नहीं आती?”

यह संदेश पाकिस्तान को कड़ा जवाब माना जा रहा है। पीएम मोदी ने जवानों के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स (Twitter) पर लिखा –
“हमारे वीर वायु योद्धाओं के साहस और निडरता पर भारत को गर्व है।” सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री को आदमपुर, उधमपुर, पठानकोट और भुज एयरबेस पर हुए हमलों और उनके जवाब में की गई कार्रवाइयों की पूरी जानकारी दी गई। भारत की कार्रवाई में पाकिस्तान के रहीम यार खान और नूर खान एयरबेस को गंभीर क्षति पहुंचाई गई है।

Related Articles

Back to top button