उत्तर प्रदेशपर्यटनराष्ट्रीयलखनऊ

बैंकाक में अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश की बौद्ध विरासत की प्रस्तुति

 

PATA पर्यटन मेले में होगी खास भागीदारी

थाईलैंड में 26 से 28 अगस्त तक PATA ट्रैवल मार्ट में उत्तर प्रदेश का बौद्ध सर्किट होगा आकर्षण का केंद्र

  वैश्विक मंचों पर ‘ब्रांड यूपी’ की पहचान बढ़ाना है प्राथमिकता- जयवीर सिंह

सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती जैसे स्थलों को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समुदाय के लिए किया जाएगा प्रमोट

निश्चय टाइम्स, लखनऊ। बौद्ध बाहुल्य देश थाईलैंड में आगामी 26 से 28 अगस्त, 2025 तक बैंकाक में प्रशांत एशिया ट्रेबल एसोसिएशन (PATA) द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मेले में उ0प्र0 पर्यटन विभाग बौद्ध सर्किट में आने वाले बौद्ध विरासतों को प्रदर्शित करेगा। जिसमें राज्य की पर्यटन विविधिता सांस्कृतिक, भौगोलिक, अध्यात्मिक तथा ऐतिहासिक हेरीटेज को प्रदर्शित किया जायेगा। स्टॉल पर लगाये जाने वाले सभी साइनबोर्ड और डिस्प्ले अग्रेजी एवं स्थानीय भाषा में प्रदर्शित किये जायेगे, ताकि बौद्ध अनुयायी अधिक से अधिक आकर्षित हो सकें।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आज यहां दी। उन्होंने बताया कि थाइलैंड में बहुसंख्यक आबादी बौद्ध धर्म को मानने वाली हैं। उत्तर प्रदेश इस धर्म का मूल उद्गम है। भगवान गौतम बुद्ध के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल यहां स्थित है। भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों में सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती सहित अन्य आध्यात्मिक, धार्मिक, विरासत, ईको पर्यटन आदि का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। PATA जैसे वैश्विक आयोजनों में उत्तर प्रदेश की सहभागिता राज्य को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का मुख्य उद्देश्य ’ब्रांड यूपी’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देना, राज्य की समृद्ध पर्यटन संभावनाओं के प्रति जागरूकता पैदा करना है। ऐसे प्रयासों से देश-विदेश से पर्यटक और निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित होंगे।
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन पवेलियन में राज्य पर्यटन की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक तथा ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रमों और रोड-शो के दौरान प्रत्येक स्थान पर व्यापक आउटडोर पब्लिसिटी और ब्रांडिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रचार गतिविधियां शामिल होंगी, जिनमें प्रमुख टेलीविजन, रेडियो चैनलों के माध्यम से प्रचार सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें 30 सेकंड की शॉर्ट पब्लिसिटी वीडियो, रेडियो जिंगल्स और अन्य ब्रांडिंग सामग्री शामिल होगी। प्रशांत एशिया ट्रैवल एसोसिएशन में यह भागीदारी न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश की पहचान को मजबूत करेगी, बल्कि विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने में भी सहायक होगी।

Related Articles

Back to top button