राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 14-15 जुलाई को करेंगी ओडिशा दौरा

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आगामी 14 और 15 जुलाई 2025 को ओडिशा के भुवनेश्वर और कटक का दौरा करेंगी। अपने इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान वह कई शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। 14 जुलाई को राष्ट्रपति भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पांचवें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इस अवसर पर वह मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगी और शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे विकास पर अपने विचार रखेंगी।
15 जुलाई को राष्ट्रपति कटक स्थित रावेनशॉ विश्वविद्यालय के 13वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा वह रावेनशॉ गर्ल्स हाई स्कूल के तीन नए भवनों के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला भी रखेंगी। इसी दिन वह कटक में आयोजित आदिकवि सरला दास की जयंती समारोह में भी शामिल होंगी और इस अवसर पर कलिंग रत्न पुरस्कार-2024 भी प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा ओडिशा के सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



