राष्ट्रीय

राष्ट्रपति ने की तीन अहम प्रशासनिक नियुक्तियाँ

 लद्दाख के उपराज्यपाल बी.डी. मिश्रा का इस्तीफा मंजूर

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को तीन महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्तियों को मंजूरी दी है, जो देश के राजनीतिक और प्रशासनिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव मानी जा रही हैं।

राष्ट्रपति भवन से जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, प्रोफेसर आशिम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे शिक्षाविद् के रूप में प्रतिष्ठित हैं और अब उन्हें एक संवैधानिक पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही, वरिष्ठ राजनेता पुष्पपति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राजू पूर्व में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और राजनीति में उनका लंबा अनुभव रहा है।

तीसरी बड़ी नियुक्ति जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता की हुई है, जिन्हें लद्दाख का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही, वर्तमान उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (डॉ.) बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। मिश्रा 2023 से लद्दाख के उपराज्यपाल के पद पर कार्यरत थे और इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रह चुके हैं।

राष्ट्रपति भवन के अनुसार, ये सभी नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी। जानकारों का मानना है कि इन बदलावों का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में अनुभवी नेतृत्व प्रदान करना है। विशेषकर लद्दाख जैसे रणनीतिक दृष्टिकोण से संवेदनशील क्षेत्र में कविन्द्र गुप्ता की नियुक्ति को केंद्र की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button