प्रियंका गांधी बनीं वायनाड से सांसद, लोकसभा में ली शपथ

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद गुरुवार को लोकसभा में सांसद पद की शपथ ली। शपथ के दौरान उनकी मां सोनिया गांधी, भाई और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रियंका गांधी ने हिंदी में शपथ ली, हाथ में संविधान की प्रति लेकर सदन में कदम रखा।
राहुल गांधी का खास अंदाज
संसद पहुंचने पर प्रियंका गांधी का कांग्रेस नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जब वह लोकसभा के भीतर प्रवेश के लिए सीढ़ियां चढ़ रही थीं, तब उनके भाई राहुल गांधी ने एक मजेदार लम्हा बनाया।
राहुल ने प्रियंका को रोकते हुए कहा, “स्टॉप, स्टॉप… लेट मी ऑलसो टेक योर फोटो।” इसके बाद उन्होंने अपनी जेब से फोन निकाला और प्रियंका की तस्वीर ली। इस दौरान आसपास मौजूद सांसद खिलखिला उठे। यह भाई-बहन की खूबसूरत बॉन्डिंग का एक विशेष पल था।
‘भारत जोड़ो’ के नारों के बीच शपथ
प्रियंका गांधी के शपथ ग्रहण के दौरान कांग्रेस सांसदों ने “जोड़ो-जोड़ो, भारत जोड़ो” के नारे लगाए। शपथ लेने के बाद उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विपक्षी नेताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
राहुल गांधी ने बहन को गले लगाकर बधाई दी, जबकि सोनिया गांधी ने दर्शक दीर्घा से बेटी के इस खास पल को देखा।
परिवार और पार्टी का समर्थन
प्रियंका के शपथ ग्रहण के मौके पर उनकी मां सोनिया गांधी, पति रॉबर्ट वाड्रा, पुत्र रेहान वाड्रा, पुत्री मिराया वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई बड़े नेता उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला और अन्य पार्टी नेताओं ने भी प्रियंका गांधी को शुभकामनाएं दीं।
लोकसभा में पहली बार प्रियंका की एंट्री
प्रियंका गांधी की यह लोकसभा में पहली बार एंट्री है। उन्होंने वायनाड उपचुनाव में जीत हासिल कर सदन में अपनी जगह बनाई। इस सीट पर पहले राहुल गांधी सांसद थे, लेकिन उनकी सदस्यता समाप्त होने के बाद यह चुनाव हुआ।
यह क्षण गांधी परिवार के लिए ऐतिहासिक रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय बना।



