जिलाधिकारी नेहा शर्मा की “नागरिक संगम” पहल से समस्याओं का त्वरित समाधान

जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने गोंडा में प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को सुदृढ़ बनाने के लिए “नागरिक संगम” कार्यक्रम की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा देना था। बुधवार को नगर पंचायत धानेपुर ब्लॉक परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
समस्याओं का समाधान और निरीक्षण
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने व्यक्तिगत रूप से नागरिकों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया। उन्होंने कहा, “प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी समस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से किया जाए। स्वच्छता और जनसुविधाएं बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।”
इसके बाद, जिलाधिकारी ने श्रीराम जानकारी नगर वार्ड का निरीक्षण किया और वार्ड में सफाई एवं अन्य समस्याओं को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान, कई शिकायतें जैसे राशन कार्ड, आवास, पेंशन, और अतिक्रमण पर कार्यवाही की गई।

“नागरिक संगम” का महत्वपूर्ण आयोजन
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए। नागरिक संगम कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास और पेंशन से संबंधित सबसे अधिक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, नगर पंचायत धानेपुर की अधिशासी अधिकारी रागिनी वर्मा, और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम की सफलता ने गोंडा में प्रशासन की पारदर्शिता और जनहित में कार्यवाही को नई दिशा दी।



