बंगाल में राम नवमी उत्सव की शुरुआत, दो हजार से ज्यादा रैलियां होंगी

पश्चिम बंगाल में राम नवमी का उत्सव इस बार बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। राज्यभर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और पुलिस हाई अलर्ट पर है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, इस वर्ष राम नवमी के आयोजन में करीब डेढ़ करोड़ लोग हिस्सा लेंगे और पूरे बंगाल में दो हजार से ज्यादा रैलियां निकाली जाएंगी।
हिंदूवादी संगठन विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच ने भी राज्य में भव्य रैलियों का आयोजन करने की योजना बनाई है। संघ से जुड़े संगठनों का दावा है कि वे इस एक हफ्ते चलने वाले उत्सव में तीन करोड़ से ज्यादा लोगों को शामिल करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
राज्य में डिप्टी कमिश्नर और जॉइंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी खुद रूट की निगरानी कर रहे हैं। रैलियों की सुरक्षा के लिए ड्रोन और सीसीटीवी की मदद ली जा रही है। बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, “राम नवमी के अवसर पर लाखों लोग सड़कों पर उतरेंगे। राज्य सरकार सुनिश्चित करे कि पर्व शांतिपूर्वक मने। जो जबरन इसे रोकने की कोशिश करेगा, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का आरोप लगाया है। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, “भाजपा राम नवमी को राजनीतिक कार्यक्रम में बदल रही है। वे धर्म के नाम पर तनाव फैलाना चाहते हैं, बंगाल ऐसा नहीं होने देगा।”
राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने जनता को राम नवमी की शुभकामनाएं दीं और शांतिपूर्ण उत्सव की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।


