धर्मराष्ट्रीय

राम मंदिर: प्राण प्रतिष्ठा समारोह की पहली वर्षगांठ आज, भक्तों का सैलाब उमड़ा

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की पहली वर्षगांठ पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। खराब मौसम के बावजूद दूर-दूर से लोग रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अंग्रेजी तिथि के अनुसार, आज 22 जनवरी को रामलला के मंदिर में विराजमान होने का एक वर्ष पूरा हो गया है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने हिंदू संवत्सर के अनुसार इस महोत्सव को 11 जनवरी को मनाया था। लेकिन अंग्रेजी कैलेंडर के आधार पर यह तिथि आज है। श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है, और पूरा अयोध्या राममय हो गया है।
रामलला के दर्शन करने पहुंचे एक भक्त ने कहा, “आज मेरी शादी की सालगिरह है, और इस पवित्र दिन पर यहां आकर मैं खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। मंदिर परिसर का माहौल बेहद भक्तिमय है। प्रशासन ने अद्भुत व्यवस्था की है।
नासिक से आए एक श्रद्धालु ने बताया, “हम प्रयागराज के महाकुंभ से यहां आए हैं। 500 साल के संघर्ष के बाद राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ है। यह हमारे लिए जीवन का सबसे बड़ा अवसर है। जय श्री राम!
भक्तों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। एक महिला श्रद्धालु ने कहा, “यह सब उनके अथक प्रयासों का परिणाम है। वे भगवान के अवतार हैं। अयोध्या का माहौल दिव्यता से भरपूर है।
राम मंदिर की पहली वर्षगांठ ने अयोध्या में एक नई ऊर्जा भर दी है। भक्तों का कहना है कि यह दिन इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो चुका है।

Related Articles

Back to top button