नियमों की अनदेखी पर RBI का सख्त एक्शन—Exclusive Capital Limited पर जुर्माना
लेवरेज लिमिट उल्लंघन से लेकर रिपोर्टिंग में चूक, कंपनी की लापरवाही पर लगा ₹10.30 लाख का दंड

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
वित्तीय अनुशासन की अनदेखी एक बार फिर महंगी साबित हुई है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने गैर-अनुपालन के गंभीर मामलों में Exclusive Capital Limited पर ₹10.30 लाख का मौद्रिक जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई 27 मार्च 2026 के आदेश के तहत की गई, जिसने कंपनी की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
RBI की जांच में सामने आया कि कंपनी ने निर्धारित ‘लेवरेज रेशियो’ की सीमा का उल्लंघन किया, जो वित्तीय स्थिरता के लिए एक अहम मानक माना जाता है। इसके अलावा, कंपनी समय पर आवश्यक सुपरवाइजरी रिटर्न दाखिल करने में भी विफल रही और निर्धारित अवधि के भीतर अपनी बैलेंस शीट भी जमा नहीं कर पाई।
यह चूक सिर्फ तकनीकी गलती नहीं, बल्कि नियामकीय जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर लापरवाही का संकेत मानी जा रही है। RBI ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई उसके अधिकारों के तहत की गई है, जो Reserve Bank of India Act, 1934 की धारा 58G(1)(b) और 58B(5)(aa) के अंतर्गत आती है।
सूत्रों के मुताबिक, RBI ने पहले कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन जवाब और व्यक्तिगत सुनवाई के बाद भी आरोप सही पाए गए। ऐसे में केंद्रीय बैंक को सख्त कदम उठाना पड़ा।
हालांकि RBI ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह दंड कंपनी और उसके ग्राहकों के बीच हुए किसी लेन-देन की वैधता पर टिप्पणी नहीं है, बल्कि केवल नियामकीय खामियों के आधार पर की गई कार्रवाई है।
वित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई बाजार को स्पष्ट संदेश देती है कि नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे अन्य वित्तीय संस्थानों पर भी अनुपालन को लेकर दबाव बढ़ेगा।



