[the_ad id="4133"]
Home » इंडिया » उत्तर प्रदेश » “रेखा गुप्ता को जन्मदिन पर PM सहित नेताओं की शुभकामनाएं”

“रेखा गुप्ता को जन्मदिन पर PM सहित नेताओं की शुभकामनाएं”

निश्चय टाइम्स, डेस्क। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और दिल्ली के विकास में उनके योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बधाई देते हुए लिखा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्होंने दिल्ली के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मैं उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करता हूं।”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, “रेखा गुप्ता जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ और दीर्घायु प्रदान करे।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा, “रेखा गुप्ता को जन्मदिन की बधाई। प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और सफल जीवन की प्रार्थना करता हूं।” वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने लिखा, “दिल्ली के विकास और जनकल्याण के लिए आपका समर्पण सराहनीय है। आपके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करता हूं।”

रेखा गुप्ता ने अपना जन्मदिन अपने पैतृक गांव — हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ में मनाया, जहां उनके स्वागत में विशेष आयोजन किया गया। गांव के स्टेडियम में एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 16 करोड़ 80 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही भोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को नंदगढ़ गांव में हुआ था। दो वर्ष की उम्र में उनका परिवार दिल्ली आ गया। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से बी.कॉम किया और 2022 में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।

उनका राजनीतिक सफर 1992 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से शुरू हुआ। 1995-96 में वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव बनीं और 1996-97 में अध्यक्ष पद संभाला। 2002 में भाजपा से जुड़ीं और 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं। इसके बाद वह एमसीडी की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष भी रहीं। 2025 में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुईं और दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं। उनके कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

ntuser1
Author: ntuser1

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com