राष्ट्रीय

साहिबाबाद: राजबाग मेट्रो स्टेशन के पास ट्रांसपोर्ट पार्किंग में भीषण आग

साहिबाबाद के राजबाग मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सैफुल बंगाली ट्रांसपोर्ट पार्किंग में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले एक ट्रक में लगी और देखते ही देखते छह ट्रक इसकी चपेट में आ गए। सभी ट्रकों में लाखों का माल लदा हुआ था, जो जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पार्किंग में भगदड़ मच गई। आग लगने से ट्रकों में रखे एलपीजी के मिनी सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। तेज धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घबरा गए। आग के कारण पास की घनी आबादी, पेट्रोल पंप और पाइप मार्केट को भी खतरा पैदा हो गया।
एहतियातन पुलिस ने पास के रिहायशी इलाकों के लोगों को घर खाली करवा दिए। दमकल की 11 गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि ट्रकों में फाइबर, सैनिटरी सामान, वायरिंग, किराना और कपड़े लदे थे। आग के कारण ट्रकों के साथ-साथ इसमें रखा सारा माल भी जल गया। धमाकों की वजह से लोगों में डर का माहौल बना रहा।
आग के कारण उठा काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया और लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। स्थानीय बाजारों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। शाम करीब चार बजे जब आग पूरी तरह बुझी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली और घर लौटे।

Related Articles

Back to top button