समाजवादी पार्टी ने खोया एक स्तंभ

पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव का निधन
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव का शुक्रवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। 85 वर्षीय छोटे सिंह यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से समाजवादी खेमे में शोक की लहर दौड़ गई। सहकारिता आंदोलन के पुरोधा कहे जाने वाले छोटे सिंह यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अत्यंत करीबी माने जाते थे, और राजनीतिक गलियारों में उन्हें ‘मिनी मुख्यमंत्री’ की उपाधि भी दी जाती थी।
कन्नौज को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले छोटे सिंह यादव ने तीन बार लोकसभा चुनाव जीतकर संसद में जनपक्ष की आवाज बुलंद की। इसके अतिरिक्त उन्होंने छिबरामऊ विधानसभा सीट से भी जीत दर्ज की थी। उनके राजनैतिक जीवन की शुरुआत 1968 में हुई, जब वे फर्रुखाबाद कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष बने। इसके बाद वर्ष 2020 तक उनके परिवार का वर्चस्व इस बैंक पर बना रहा, जिससे वे फर्रुखाबाद की सहकारिता राजनीति का चेहरा बन गए। उनके निधन की खबर मिलते ही फर्रुखाबाद के मोहल्ला पल्ला तालाब पश्चिम स्थित उनके आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, “सहकारिता आंदोलन के पुरोधा, सपा के संस्थापक सदस्य और कन्नौज से कई बार सांसद रहे छोटे सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।”
शनिवार को सुबह 11:30 बजे अखिलेश यादव उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पार्टी के जिला महासचिव द्वारा उनके आगमन की पुष्टि की गई है।


