राष्ट्रीय
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 24 घंटे में दूसरा एनकाउंटर

श्रीनगर – जम्मू-कश्मीर के दक्षिणी इलाके कुलगाम में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर है। यह 24 घंटे के भीतर दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले, मंगलवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भी सुरक्षाबलों ने तीन से चार आतंकियों को घेर लिया था।
मुठभेड़ कुलगाम जिले के बदीमर्ग इलाके में जारी है, जहां आतंकियों और सेना के बीच तीव्र गोलीबारी हो रही है। इस मुठभेड़ से पहले कुपवाड़ा जिले के नागमर्ग क्षेत्र में सेना ने तीन से पांच आतंकियों को घेर लिया था। नागमर्ग, जिला बांदीपोरा और एलओसी से सटा हुआ है, जहां आतंकियों की घुसपैठ की संभावना हमेशा बनी रहती है।
कश्मीर में घुसपैठ करने वाले आतंकियों द्वारा इस क्षेत्र का इस्तेमाल बांदीपोरा, सोपोर, गांदरबल और श्रीनगर के रास्ते दक्षिण कश्मीर जाने के लिए किया जाता है। इन रास्तों का इस्तेमाल कर आतंकवादी कश्मीर के भीतर अपने ऑपरेशंस को जारी रखते हैं।




