भारत-पाक तनाव के बीच तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर की सुरक्षा कड़ी, कमांडो तैनात

ऑक्टोपस टीम ने संभाली कमान, मंदिर परिसर में चौकसी बढ़ाई गई
भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए तिरुमाला पहाड़ियों पर स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। तिरुपति जिले के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन राजू ने जिला अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की और मंदिर की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए विशेष निर्देश दिए।

मंदिर प्रशासन तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) और पुलिस विभाग ने मिलकर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। आतंकवाद विरोधी कमांडो इकाई ‘ऑक्टोपस’ ने मंदिर परिसर में तलाशी अभियान चलाया और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर गहन निगरानी की।
मंदिर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाई गई है और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए मंदिर प्रांगण में तलाशी और पहचान प्रक्रिया भी सख्त कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि श्रद्धालु घबराएं नहीं, सुरक्षा के ये कदम एहतियात के तौर पर उठाए गए हैं।



