स्पोर्ट्स

खेलों के जरिए युवाओं को मिला नई ऊर्जा का संदेश

युवा खेल महोत्सव में सेमीफाइनल मुकाबलों का रोमांच

मैराथन के साथ तीसरे दिन का भव्य आगाज़ तय

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी

उत्तिष्ठ सेवा संस्थानम्, प्रो शारदा प्रसाद तिवारी मेमोरियल ट्रस्ट, एस.एस. हॉस्पिटल, माय भारत एवं काव्योम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित युवा खेल महोत्सव 2.0 के दूसरे दिन खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दौरान वॉलीबॉल, बैडमिंटन और क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. हिमांशु शेखर झा (राज्य आयुक्त दिव्यांगजन), प्रवीण सिंह (चेयरमैन, एसएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन), डॉ. पल्लवी सिंह (निदेशक, आकार आईएएस संस्थान), महंत सिद्धेश्वरानंद गिरि, कुलदीप पति त्रिपाठी (अपर महाअधिवक्ता, हाईकोर्ट लखनऊ बेंच) और डॉ. नीरज शुक्ल (मुख्य कुलानुशासक, भाषा विश्वविद्यालय) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि प्रो. हिमांशु शेखर झा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और ऐसे खेल आयोजन उनके नेतृत्व और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि प्रवीण सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार हैं, जिन्हें हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए।

खेल मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और जज्बा देखने लायक रहा, जहां हर टीम ने फाइनल में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर मौजूद लगभग 300 लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और पूरे माहौल को खेल भावना से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रो. मंजुला उपाध्याय (अध्यक्ष, प्रो शारदा प्रसाद तिवारी मेमोरियल ट्रस्ट) ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. सीमा पाण्डेय, सह संयोजक डॉ. रमेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष योगेश तिवारी सहित आयोजन टीम के अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अब सभी की नजरें तीसरे दिन होने वाली मैराथन दौड़ पर टिकी हैं, जो सुबह 6:30 बजे आयोजित होगी। इस दौड़ में मुख्य अतिथि अवनीश सिंह (सदस्य विधान परिषद), दुर्गेश त्रिपाठी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, युवा एकल अभियान) और विकास सिंह (उप निदेशक, मेरा भारत) उपस्थित रहेंगे।

Related Articles

Back to top button