लखनऊ में सीनियर नेशनल आर्बिटर सेमिनार का शुभारंभ
परीक्षा के बाद प्रतिभागियों को मिलेगा नेशनल आर्बिटर का टाइटल

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी
। शतरंज के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षित निर्णायकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से लखनऊ में सीनियर नेशनल आर्बिटर सेमिनार का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस सेमिनार का आयोजन 14 से 15 मार्च 2026 तक स्थानीय होटल अम्बर में किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और लखनऊ चेस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।
सेमिनार की शुरुआत शनिवार सुबह 9:30 बजे निर्धारित समय पर हुई। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से कुल 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें उत्तर प्रदेश के 43 प्रतिभागी शामिल हैं, जबकि मध्यप्रदेश, तेलंगाना, बिहार, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली से भी शतरंज से जुड़े प्रतिभागी प्रशिक्षण लेने पहुंचे हैं।
सेमिनार का औपचारिक उद्घाटन पवन बाथम ने फिडे लेक्चरर स्वप्निल बंसोद को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर सेमिनार समन्वयक आनंद सिंह ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्रतिभागियों को शतरंज प्रतियोगिताओं के संचालन और नियमों की गहन जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सेमिनार परीक्षा में सफलता की शुभकामनाएं भी दीं।
दो दिवसीय इस सेमिनार के दौरान कुल चार सत्र आयोजित किए जाएंगे। शुरुआती तीन सत्रों में प्रतिभागियों को आर्बिटर मैनुअल, शतरंज के अंतरराष्ट्रीय नियमों तथा टूर्नामेंट संचालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अंतिम सत्र में प्रतिभागियों की परीक्षा आयोजित होगी।
आयोजकों के अनुसार परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को वर्ल्ड चेस फेडरेशन (FIDE) द्वारा नेशनल आर्बिटर का टाइटल प्रदान किया जाएगा। इससे प्रदेश में प्रशिक्षित आर्बिटरों की संख्या बढ़ेगी और विभिन्न जिलों में शतरंज प्रतियोगिताओं के संचालन को और अधिक पेशेवर तथा व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश में शतरंज को नई दिशा देने के साथ युवा खिलाड़ियों के लिए भी बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक माहौल तैयार करेंगे।



