केरल में फिर बम धमकी से सनसनी, मुख्यमंत्री कार्यालय और क्लिफ हाउस में सर्च ऑपरेशन जारी

केरल में एक बार फिर बम धमकी ने सनसनी फैला दी है। इस बार मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास क्लिफ हाउस को निशाना बनाते हुए बम की धमकी दी गई है। जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, बम निरोधक दस्ते ने मोर्चा संभाल लिया और दोनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। सीएमओ की ओर से भी धमकी मिलने की पुष्टि कर दी गई है। बताया जा रहा है कि इससे पहले रविवार तड़के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस मामले में एक ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई थी, जो बाद में फर्जी साबित हुई। पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने एयरपोर्ट और उसके आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह ई-मेल हवाई अड्डा प्रबंधक की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ था।
अब दोबारा बम धमकी सामने आने से राज्य की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय और आवास दोनों स्थानों की कड़ी निगरानी और सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा बल किसी भी खतरे को नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं और सभी ऐहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और अधिकारियों ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन धमकियों के पीछे कौन लोग हैं।
इस तरह की घटनाओं ने राज्य में तनाव का माहौल बना दिया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेकर जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की कोई सूचना नहीं मिली है।



