उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में ड्रग इंस्पेक्टर निधि पांडे का एक वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में निधि पांडे एक मेडिकल स्टोर संचालक से रिश्वत मांगते और धमकाते हुए नजर आ रही हैं।
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में ड्रग इंस्पेक्टर निधि पांडे एक मेडिकल स्टोर पर खड़ी दिखाई देती हैं, जहां वह संचालक से पैसों की मांग करती हैं। वह कहती हैं, “मुझसे बहस मत करना। मैं चाहती हूं कि तुम्हारी दुकान चलती रहे, लेकिन मेरे साथ बनियागिरी मत करो।” इसके बाद स्टोर संचालक को कोरे कागज पर हस्ताक्षर करने का दबाव भी बनाती हैं।
वीडियो में एक कर्मचारी निधि पांडे का समर्थन करते हुए स्टोर संचालक पर आरोप लगाता है और रिश्वत की रकम के बारे में बातचीत करता है। यह भी आरोप है कि इंस्पेक्टर ने पहले भी कई मेडिकल स्टोर से इसी तरह से रिश्वत ली है।
ड्रग इंस्पेक्टर का बयान
निधि पांडे ने वायरल वीडियो को फेक बताते हुए कहा कि यह वीडियो एडिटेड है और उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से फैलाया गया है। उन्होंने कहा कि एक संगठन के अध्यक्ष ने आपसी रंजिश के तहत यह वीडियो वायरल किया है।
शासन की कार्रवाई
घटनाक्रम के बाद प्रदेश सरकार ने ड्रग इंस्पेक्टर निधि पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रमुख सचिव पी. गुरूप्रसाद के आदेश के अनुसार, निधि पांडे पर रिश्वत मांगने, धमकाने और दवा व्यापारियों को प्रताड़ित करने के आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए गए हैं। मामले की जांच के लिए मुरादाबाद मंडल के सहायक आयुक्त (औषधि) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कैमिस्टों में जश्न
निधि पांडे के निलंबन के बाद शामली के कैमिस्टों में खुशी का माहौल है। कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज सिंह मलिक ने इस कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। कैमिस्टों ने हनुमान धाम में पूजा-अर्चना करते हुए ढोल बजाए और भ्रष्टाचार के खिलाफ इस कार्रवाई का स्वागत किया।
Back to top button